Breaking News
news-details
उत्तराखंड

ग्राम्य विकास मंत्री पहुंचे पौड़ी, किया विकास कार्यों का समीक्षा

पौड़ी गढ़वाल/ देहरादून 

ग्राम्य विकास, लघु एवं सूक्ष्म, मध्यम उद्यम तथा खादी एवं ग्रामोद्योग मंत्री भरत सिंह चौधरी ने शनिवार को पौड़ी पहुंचकर अधिकारियों के साथ विकास योजनाओं की समीक्षा की। स्थानीय विधायक राजकुमार पोरी, जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया, एसएसपी सर्वेश पंवार एवं सीडीओ अशोक जोशी ने उनका स्वागत किया तथा गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।

 

बैठक में वीबी-जी रामजी योजना, मनरेगा, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, पशुपालन, बांस मिशन एवं राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन सहित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की गई। मंत्री ने ग्रामीण विकास, रोजगार और आय बढ़ाने के लिए योजनाओं में बेहतर कन्वर्जेंस के निर्देश दिए।

 

उन्होंने वीबी-जी रामजी योजना के तहत मनरेगा की लंबित देनदारियां शीघ्र निस्तारित करने, योजना की जानकारी ग्राम प्रधानों व जनप्रतिनिधियों तक पहुंचाने, अधिक मानव दिवस सृजित करने तथा आपदा में क्षतिग्रस्त पुश्तों, सॉलिड वेस्ट एवं वाटरशेड मैनेजमेंट को योजनाओं से जोड़ने को कहा।

 

बांस-रिंगाल जैसे स्थानीय संसाधनों को व्यावसायिक गतिविधियों से जोड़ने और पौड़ी में बांस की व्यावसायिक खेती बढ़ाने के निर्देश दिए। पशुपालन को अन्य योजनाओं से जोड़कर रोजगार बढ़ाने, पशु सखियों को कृत्रिम गर्भाधान प्रशिक्षण, बंजर भूमि पर नेपियर घास तथा गोट वैली को बढ़ावा देने पर जोर दिया।

 

जिलाधिकारी ने महिला स्वयं सहायता समूहों के पिरूल से पेलेट तथा माल्टे के छिलकों से फेस पैक, बायो-एंजाइम आदि उत्पादों की जानकारी दी। मंत्री ने स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने, स्वरोजगार बढ़ाने और कीवी उत्पादन को प्रोत्साहित करने को कहा।

 

प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के चरण-4 में अधिक सड़कों को चिन्हित कर दूरस्थ गांवों को जोड़ने तथा वन भूमि संबंधी प्रस्तावों की प्रक्रिया तेजी से पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए समन्वित प्रयास जारी रखने को कहा।

 

बैठक में ब्लॉक प्रमुख अस्मिता नेगी, संयुक्त मजिस्ट्रेट गौरी प्रभात, जिला विकास अधिकारी रमेश चंद्र, जिला पंचायत राज अधिकारी जितेंद्र कुमार, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. विशाल शर्मा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

0 Comments

Leave Comments