Breaking News
news-details
उत्तराखंड
भारत
लिक्खाड़

MDDA का अवैध निर्माण और प्लॉटिंग पर शिकंजा

देहरादून: मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (MDDA) ने प्राधिकरण क्षेत्र में अवैध निर्माण और अवैध प्लॉटिंग के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। विभिन्न क्षेत्रों से प्राप्त शिकायतों पर त्वरित संज्ञान लेते हुए प्राधिकरण नियमानुसार कार्रवाई कर रहा है। इसी कड़ी में उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी के नेतृत्व में क्षेत्रवार निरीक्षण और कैंप आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि अवैध निर्माण गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके और शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण हो।

प्राधिकरण के अनुसार, इन अभियानों के दौरान अवैध निर्माणों की पहचान के साथ-साथ स्वीकृत मानचित्रों के अनुरूप निर्माण कार्यों की भी नियमित जांच की जा रही है, जिससे सुनियोजित एवं नियमानुसार शहरी विकास को बढ़ावा मिल सके।

पछवादून क्षेत्र का किया गया स्थलीय निरीक्षण

इसी क्रम में एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने पछवादून क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान निर्माण गतिविधियों, अवैध निर्माणों और अवैध प्लॉटिंग से जुड़ी शिकायतों की विस्तृत समीक्षा की गई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से प्राप्त शिकायतों, उन पर की गई कार्रवाई और लंबित मामलों की जानकारी ली।

इसके अलावा, स्वीकृत भवनों और प्लॉटिंग परियोजनाओं के मानचित्रों का परीक्षण करते हुए यह भी सुनिश्चित किया गया कि निर्माण कार्य स्वीकृत मानचित्र के अनुरूप ही किया जा रहा है। प्रत्येक निर्माण स्थल का गहन निरीक्षण कर नियमों के पालन की समीक्षा की गई।

नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई के निर्देश

निरीक्षण के दौरान जहां भी निर्माण गतिविधियां विकास प्राधिकरण के नियमों या स्वीकृत मानचित्रों के विपरीत पाई गईं, वहां संबंधित अधिकारियों को तत्काल नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने स्पष्ट कहा कि अवैध निर्माण और अवैध प्लॉटिंग किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी तथा ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

"सुनियोजित विकास हमारी प्राथमिकता"

एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि प्राधिकरण का उद्देश्य केवल अवैध निर्माणों पर कार्रवाई करना नहीं, बल्कि सुनियोजित एवं व्यवस्थित शहरी विकास सुनिश्चित करना भी है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक शिकायत का गंभीरता से परीक्षण किया जा रहा है और जहां भी नियमों का उल्लंघन मिलेगा, वहां बिना किसी भेदभाव के कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि किसी भी निर्माण कार्य को शुरू करने से पहले आवश्यक स्वीकृतियां अवश्य प्राप्त करें और विकास प्राधिकरण के सभी नियमों का पालन करें।

सचिव ने दिए सतत निगरानी के निर्देश

एमडीडीए सचिव मोहन सिंह बर्निया ने कहा कि प्राधिकरण द्वारा अवैध निर्माण और अवैध प्लॉटिंग के खिलाफ नियमित निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जा रहा है। उन्होंने सभी क्षेत्रीय अधिकारियों को निर्माण गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखने और नियमों के उल्लंघन की स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

निरीक्षण के दौरान सचिव मोहन सिंह बर्निया, संयुक्त सचिव गौरव चटवाल, क्षेत्रीय सहायक अभियंता शशांक सक्सेना, अवर अभियंता सहित प्राधिकरण के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे।

0 Comments

Leave Comments