दुखद खबर: नैनीताल के जिला सूचना अधिकारी गिरिजा शंकर जोशी का हार्ट अटैक से आकस्मिक निधन, सीएम धामी और महानिदेशक सूचना ने जताया गहरा शोक।
देहरादून/नैनीताल: उत्तराखंड के सूचना विभाग से एक बेहद ही दुखद खबर सामने आई है। नैनीताल के जिला सूचना अधिकारी (DIO) श्री गिरिजा शंकर जोशी का दिल का दौरा (हार्ट अटैक) पड़ने से आकस्मिक निधन हो गया है। उनके इस अचानक निधन के समाचार से पूरे सूचना विभाग और प्रशासनिक अमले में शोक की लहर दौड़ गई है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने व्यक्त की गहरी संवेदना
गिरिजा शंकर जोशी के असामयिक निधन पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने गहरा दुःख प्रकट किया है। सीएम धामी ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। इसके साथ ही उन्होंने शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए भगवान से प्रार्थना की कि वे इस अपार दुःख की घड़ी में परिवार को संबल और यह कष्ट सहन करने की शक्ति प्रदान करें।
सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी ने भी जताया शोक
सूचना एवं लोक संपर्क विभाग के महानिदेशक श्री बंशीधर तिवारी ने भी जिला सूचना अधिकारी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने इसे विभाग के लिए एक बड़ी क्षति बताते हुए कहा कि गिरिजा शंकर जोशी एक बेहद कर्तव्यनिष्ठ और समर्पित अधिकारी थे। विभाग के अन्य अधिकारियों और कर्मचारी संगठनों ने भी उनके निधन पर गहरा दुख जताते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की है।
0 Comments