देहरादून। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने बुधवार रात करीब 8 बजे कोरोनेशन अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल में अव्यवस्था, गंदगी और कई गंभीर अनियमितताएं सामने आने पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) और मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (सीएमएस) की संयुक्त समिति गठित कर विस्तृत रिपोर्ट तलब की है।
निरीक्षण के दौरान आईसीयू में एयर कंडीशनर बंद मिला, जिससे मरीज उमस और घुटन का सामना कर रहे थे। जिलाधिकारी ने कई बार सूचना दिए जाने के बावजूद एसी चालू नहीं कराने पर पीआरओ के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए। वहीं, आईसीयू के स्टॉक रजिस्टर में 29 जून के बाद दवाओं का कोई रिकॉर्ड दर्ज नहीं मिला और उपस्थिति रजिस्टर में भी अनियमितताएं पाई गईं।
पुरुष वार्ड में लीवर रोग से पीड़ित एक मरीज को अनावश्यक रूप से रेफर किए जाने की तैयारी पर डीएम ने आपत्ति जताई। मरीज को फटा हुआ कंबल मिलने पर उन्होंने अस्पताल प्रबंधन से स्पष्टीकरण मांगते हुए सभी पुराने और फटे कंबलों को तत्काल हटाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अस्पताल की लिफ्ट में गंदगी, पान की पीक और सीसीटीवी कैमरे का अभाव भी सामने आया। महिला शौचालय में पुरुष यूरिनल लगे होने पर भी जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त की।
सर्जरी वार्ड में एक लावारिस मरीज की गंभीर स्थिति देखकर जिलाधिकारी ने तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। मरीज का शुगर स्तर बेहद कम था और उसके आसपास गंदगी फैली हुई थी। डीएम के हस्तक्षेप के बाद मरीज का तत्काल उपचार शुरू कराया गया।
जिलाधिकारी ने सीएमओ और सीएमएस को अस्पताल की सभी व्यवस्थागत कमियों को तत्काल दूर करने तथा मरीजों को बेहतर और सम्मानजनक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने वार्डों में भर्ती मरीजों से बातचीत कर अस्पताल की सुविधाओं का फीडबैक भी लिया। इस दौरान आकस्मिक चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनीष शर्मा सहित अन्य चिकित्साधिकारी मौजूद रहे।
0 Comments