गोपेश्वर। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को गोपेश्वर स्थित पुलिस मैदान में आयोजित ‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण’ सेवा पखवाड़े के अंतर्गत ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम में आमजन की समस्याएं सुनीं और कई मामलों का मौके पर ही समाधान सुनिश्चित कराया। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को सहायता सामग्री, स्वीकृति पत्र और वित्तीय सहायता भी वितरित की गई।
शिविर में कुल 7,472 लोगों ने भाग लिया। विभिन्न विभागों को प्राप्त 1,737 आवेदनों का शिविर के दौरान ही निस्तारण किया गया। इसके अलावा 203 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें से 172 शिकायतों का मौके पर समाधान किया गया, जबकि शेष मामलों के शीघ्र निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए। शिविर के माध्यम से 4,632 लाभार्थियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ मिला।
कार्यक्रम में विकासखंड नन्दानगर के ग्राम खलतरा की सरिता देवी ने झंगोरे की मड़ाई एवं प्रोसेसिंग मशीन की मांग रखी। मुख्यमंत्री ने कृषि विभाग के अधिकारियों को तत्काल निर्देश देते हुए शिविर स्थल पर ही उन्हें मशीन उपलब्ध कराई।
दशोली विकासखंड के ग्राम रौली ग्वाड़ निवासी नीरज भट्ट ने लिलियम फूलों की खेती के लिए अगस्त तक बीज उपलब्ध कराने का अनुरोध किया, जिस पर मुख्यमंत्री ने एक माह के भीतर बीज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
ज्योतिर्मठ विकासखंड के ग्राम बड़ागांव निवासी गुलशन सिंह राणा ने पोल्ट्री फार्म के लिए पोल्ट्री हट की मांग की। मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय पशुधन मिशन के तहत उनका प्रस्ताव स्वीकृत कर आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
दशोली के ग्राम कौजपोथनी निवासी जयदीप सिंह ने लोक निर्माण विभाग में ठेकेदारी पंजीकरण चार दिनों से लंबित होने की शिकायत की। मुख्यमंत्री ने अधिशासी अभियंता को उसी दिन सभी औपचारिकताएं पूरी कर पंजीकरण स्वीकृत करने के निर्देश दिए।
पोखरी विकासखंड के ग्राम नौली निवासी देवेन्द्र सिंह ने एप्पल मिशन के तहत सेब के पौधे और एंटी-हेल नेट उपलब्ध कराने की मांग रखी। मुख्यमंत्री ने जिला उद्यान अधिकारी को अनुदान सहित विभागीय योजनाओं का अधिकतम लाभ उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
कार्यक्रम में महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग ने 6 लाभार्थियों को मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट प्रदान की, जबकि समाज कल्याण विभाग ने 3 लाभार्थियों को अनुसूचित जाति पुत्री विवाह अनुदान दिया।
कृषि विभाग द्वारा तिलक स्वयं सहायता समूह को फार्म मशीनरी बैंक, एक लाभार्थी को झंगोरा प्रोसेसिंग मशीन, दो लाभार्थियों को झाड़ी/घास कटर मशीन तथा ग्राम बैरागना को चैन लिंक फेंसिंग उपलब्ध कराई गई।
मुख्यमंत्री ने कृषि क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली रूपकुण्ड फेड फार्मर्स प्रोड्यूसर कम्पनी लिमिटेड (हाटकल्याणी, देवाल) और उन्नति स्वायत्त सहकारिता एफपीओ (पडेरगांव, नन्दानगर) को एक करोड़ रुपये के वार्षिक टर्नओवर की उपलब्धि पर सम्मानित किया।
सहकारिता विभाग ने 4 किसानों को दीनदयाल उपाध्याय सहकारिता किसान कल्याण योजना के तहत शून्य प्रतिशत ब्याज दर पर ऋण के चेक वितरित किए। पशुपालन विभाग ने 2 लाभार्थियों को चारा बीज उपलब्ध कराया।
उद्यान विभाग की योजनाओं के तहत एक लाभार्थी को नाबार्ड पॉलीहाउस योजना के लिए ₹4 लाख, एक को पीएमएफएमई योजना के तहत ₹2 लाख, एक को मशरूम उत्पादन योजना के लिए ₹2 लाख तथा एक लाभार्थी को कीवी मिशन योजना के अंतर्गत ₹4.20 लाख की वित्तीय सहायता प्रदान की गई। वहीं मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना के तहत 5 लाभार्थियों को वित्तीय सहायता के चेक वितरित किए गए।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के माध्यम से शासन स्वयं जनता के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं का समाधान कर रहा है, जिससे पारदर्शिता, जवाबदेही और जनता का विश्वास मजबूत हो रहा है।
हरेला पर्व के अवसर पर मुख्यमंत्री ने ‘हर गाँव का यही पैगाम: एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत रुद्राक्ष का पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक पौधरोपण कर आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और हरित पर्यावरण सुनिश्चित करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री भरत सिंह चौधरी, थराली विधायक भूपाल राम टम्टा, कर्णप्रयाग विधायक अनिल नौटियाल, बदरीनाथ विधायक लखपत बुटोला, जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट, जिलाधिकारी गौरव कुमार, पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
0 Comments