देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दून विश्वविद्यालय में छात्र-छात्राओं से संवाद किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने पलायन रोकने, युवाओं को रोजगार से जोड़ने, उत्तराखंड को उच्च शिक्षा का हब बनाने, विज्ञान एवं तकनीक के साथ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के दौर में रोजगार की नई संभावनाओं और देहरादून में यातायात जाम की समस्या को लेकर मुख्यमंत्री से सवाल किए।
पलायन रोकने और युवाओं को रोजगार से जोड़ने के सवाल पर मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य में रिवर्स माइग्रेशन की प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ रही है। सरकार युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ने के लिए विभिन्न योजनाओं के माध्यम से नए अवसर उपलब्ध करा रही है।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना, मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना और सौर स्वरोजगार योजना के साथ पर्यटन, उद्योग और फिल्म नीति के माध्यम से भी युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के अवसर तैयार किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वयं सहायता समूहों को सशक्त बनाने और उनके माध्यम से स्थानीय स्तर पर आजीविका के अवसर बढ़ाने के लिए भी राज्य सरकार लगातार काम कर रही है।
उत्तराखंड को उच्च शिक्षा का हब बनाने से जुड़े सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार उच्च शिक्षण संस्थानों के आधुनिकीकरण और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान दे रही है।
उन्होंने बताया कि देहरादून में देश की पांचवीं साइंस सिटी का निर्माण किया जा रहा है। इससे प्रदेश में विज्ञान और अनुसंधान के क्षेत्र में नए अवसर पैदा होंगे तथा युवाओं को आधुनिक वैज्ञानिक संसाधनों से जुड़ने का अवसर मिलेगा।
विज्ञान, तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के दौर में रोजगार की संभावनाओं को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि तकनीकी बदलावों के साथ रोजगार के स्वरूप में लगातार परिवर्तन हो रहा है। इसके साथ ही रोजगार के नए अवसर भी तेजी से सामने आ रहे हैं।
उन्होंने युवाओं से बदलती तकनीक के अनुरूप अपने कौशल को विकसित करने और ‘फ्यूचर रेडी’ बनने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार भी युवाओं को आधुनिक कौशल और नई तकनीकों से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
देहरादून में लगातार सामने आने वाली यातायात जाम की समस्या पर मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार इसके स्थायी समाधान की दिशा में गंभीरता से काम कर रही है।
उन्होंने बताया कि बिंदाल और रिस्पना नदी के ऊपर एलिवेटेड रोड के निर्माण की दिशा में कार्य किए जा रहे हैं। इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद देहरादून की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और जाम की समस्या से राहत दिलाने में मदद मिलने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री ने संवाद के दौरान विद्यार्थियों से बदलते समय के अनुरूप अपनी क्षमताओं और कौशल को विकसित करने तथा राज्य के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने का भी आह्वान किया।
0 Comments