जोशीमठ, राजकीय इंटर कॉलेज जोशीमठ में ब्लॉक स्तरीय सामाजिक विज्ञान महोत्सव–2026 का आयोजन उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। महोत्सव में विकासखंड जोशीमठ के सभी पांच संकुलों के विद्यार्थियों ने प्रतिभाग कर अपनी प्रतिभा, ज्ञान और रचनात्मक क्षमता का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता राजकीय इंटर कॉलेज जोशीमठ के प्रधानाचार्य विवेकानंद काला ने की, जबकि कार्यक्रम का संचालन ब्लॉक समन्वयक उमेश चन्द्र सती ने किया। सह-समन्वयक भरत सिंह रावत ने आयोजन में सहयोग प्रदान किया।

महोत्सव के अंतर्गत सामाजिक विज्ञान विषय से संबंधित विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इन प्रतियोगिताओं का उद्देश्य विद्यार्थियों में सामाजिक, ऐतिहासिक, भौगोलिक एवं नागरिक विषयों के प्रति रुचि विकसित करना तथा उनकी तार्किक क्षमता, रचनात्मकता और अभिव्यक्ति कौशल को प्रोत्साहित करना रहा।

प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर जनपद स्तरीय महोत्सव के लिए विद्यार्थियों का चयन किया गया। क्विज प्रतियोगिता में राजीव गांधी नवोदय विद्यालय, जोशीमठ की छात्रा फिबिया का चयन हुआ। भाषण प्रतियोगिता में पीएम श्री अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज, तपोवन की छात्रा वंशिका तोपाल ने स्थान बनाया। वहीं, सामान्य ज्ञान क्विज प्रतियोगिता में जूनियर हाईस्कूल सलूड के छात्र ऋषभ नौटियाल का चयन जनपद स्तरीय महोत्सव के लिए किया गया।

महोत्सव को सफल बनाने में विकासखंड के विभिन्न विद्यालयों से आए शिक्षकों ने सक्रिय सहयोग प्रदान किया। सहयोग करने वाले शिक्षकों में प्रेम सिंह राणा, कुवर सिंह चौहान, सुमन साह, शिवानी मंद्रवाल, जगदीश रावत, सुरेंद्र सिंह कनियाल, सतीश चंद नौटियाल, किमोठी, जयलाल आर्य, चंद्र सिंह रावत, ललित खण्डूरी और रोहित चौहान शामिल रहे।

कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। महोत्सव के माध्यम से विद्यार्थियों को सामाजिक विज्ञान के विभिन्न आयामों को समझने, अपने विचार प्रस्तुत करने तथा आगामी जनपद स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर मिला।
0 Comments