नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने किसानों के लिए बड़ी राहत देते हुए प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (PM-KISAN) योजना को अगले पांच वर्षों के लिए बढ़ाने का फैसला किया है। केंद्रीय मंत्रिमंडल ने योजना को वित्त वर्ष 2027 से 2031 तक जारी रखने की मंजूरी दी है। इसके लिए करीब 3.16 लाख करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत किया गया है।
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत पात्र भूमिधारक किसान परिवारों को हर वर्ष 6,000 रुपये की आर्थिक सहायता तीन समान किस्तों में सीधे उनके बैंक खातों में भेजी जाती है। सरकार का कहना है कि इस योजना का उद्देश्य किसानों की आय बढ़ाना, खेती में निवेश को प्रोत्साहित करना और उन्हें गैर-औपचारिक कर्ज पर निर्भरता से राहत दिलाना है।
सरकारी आंकड़ों के अनुसार, योजना की शुरुआत वर्ष 2019 से अब तक 23 किस्तों के माध्यम से 4.47 लाख करोड़ रुपये से अधिक की राशि किसानों के खातों में हस्तांतरित की जा चुकी है। हाल ही में जारी किस्त का लाभ 9.49 करोड़ से अधिक किसानों को मिला। वहीं, महिला किसानों को अब तक 1.06 लाख करोड़ रुपये से अधिक की सहायता प्रदान की जा चुकी है।
केंद्र सरकार का मानना है कि योजना के विस्तार से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी, किसानों की नकदी उपलब्धता बढ़ेगी और कृषि क्षेत्र में निवेश को बढ़ावा मिलेगा। योजना के तहत लाभार्थियों को पूरी राशि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से सीधे बैंक खाते में भेजी जाती है।
0 Comments