Breaking News
news-details
उत्तराखंड
भारत
लिक्खाड़

उत्तराखंड: 104 स्वास्थ्य हेल्पलाइन सेवा फिर हुई शुरू, अब 24×7 मिलेगी स्वास्थ्य संबंधी सहायता

देहरादून: राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) उत्तराखंड के अंतर्गत संचालित 104 स्वास्थ्य हेल्पलाइन आवश्यक तकनीकी एवं विद्युत संबंधी कार्य सफलतापूर्वक पूरे होने के बाद सोमवार से पुनः शुरू हो गई है। हेल्पलाइन अब पहले की तरह 24 घंटे और सप्ताह के सातों दिन संचालित रहेगी। इसके माध्यम से प्रदेश के नागरिक स्वास्थ्य संबंधी परामर्श, आवश्यक जानकारी, शिकायत और अन्य निर्धारित सेवाओं का लाभ ले सकेंगे।

एनएचएम की 104 स्वास्थ्य हेल्पलाइन की नोडल अधिकारी डॉ. अरीता सक्सेना ने बताया कि हेल्पलाइन के निर्बाध संचालन के लिए मुख्य विद्युत आपूर्ति से जुड़ी आर्मर्ड केबल को बदला गया है। इसके साथ ही तकनीकी व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक उन्नयन भी किया गया। इन कार्यों के चलते हेल्पलाइन सेवाएं कुछ समय के लिए अस्थायी रूप से प्रभावित रहीं, लेकिन अब सभी तकनीकी और विद्युत संबंधी कार्य सफलतापूर्वक पूरे कर लिए गए हैं।

उन्होंने बताया कि आवश्यक परीक्षण और तकनीकी जांच के बाद हेल्पलाइन को नियमित संचालन के लिए तैयार कर दिया गया है। अब प्रदेशवासी पहले की तरह 104 नंबर पर कॉल कर स्वास्थ्य संबंधी परामर्श, जानकारी, शिकायत और सुझाव दर्ज करा सकते हैं।

दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों के लिए महत्वपूर्ण सुविधा

डॉ. सक्सेना ने कहा कि 104 स्वास्थ्य हेल्पलाइन प्रदेश के नागरिकों और स्वास्थ्य सेवाओं के बीच एक महत्वपूर्ण कड़ी है। विशेष रूप से दूरस्थ एवं पर्वतीय क्षेत्रों में रहने वाले लोग इस सेवा के माध्यम से स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक जानकारी और परामर्श आसानी से प्राप्त कर सकते हैं। हेल्पलाइन पर दर्ज शिकायतों और समस्याओं को निर्धारित प्रक्रिया के तहत संबंधित अधिकारियों और विभागों तक पहुंचाया जाता है, ताकि उनका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जा सके।

तकनीकी उन्नयन से मिलेगी बेहतर सेवा

राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अनुसार, हेल्पलाइन की तकनीकी और विद्युत व्यवस्थाओं को मजबूत बनाने का उद्देश्य नागरिकों को बिना किसी बाधा के गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराना है। तकनीकी उन्नयन के बाद हेल्पलाइन के संचालन में और अधिक स्थिरता एवं विश्वसनीयता आएगी।

एनएचएम ने जताया आभार

राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, उत्तराखंड ने तकनीकी कार्यों के दौरान हेल्पलाइन सेवाएं प्रभावित रहने से हुई असुविधा के लिए खेद व्यक्त किया है। साथ ही प्रदेशवासियों द्वारा दिए गए सहयोग और धैर्य के लिए आभार जताते हुए कहा है कि अब 104 स्वास्थ्य हेल्पलाइन पूर्ववत 24×7 उपलब्ध रहेगी। नागरिक स्वास्थ्य संबंधी जानकारी, परामर्श, शिकायत या अन्य निर्धारित सेवाओं के लिए किसी भी समय 104 नंबर पर संपर्क कर सकते हैं।

0 Comments

Leave Comments