Breaking News
news-details
उत्तराखंड
भारत
लिक्खाड़

AI निगरानी और कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच संपन्न हुई भर्ती परीक्षा

देहरादून। उत्तराखण्ड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूकेएसएसएससी) द्वारा वाहन चालक/प्रवर्तन चालक पदों के लिए आयोजित लिखित प्रतियोगी परीक्षा रविवार को शांतिपूर्वक एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुई।

परीक्षा राज्य के देहरादून और नैनीताल जनपदों के कुल 33 परीक्षा केंद्रों पर एकल पाली में आयोजित की गई।
आयोग की ओर से जारी जानकारी के अनुसार परीक्षा के लिए कुल 13,674 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 11,050 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए। इस प्रकार परीक्षा में 80.81 प्रतिशत उपस्थिति दर्ज की गई।
परीक्षा की पारदर्शिता और शुचिता सुनिश्चित करने के लिए सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों एवं जैमर के संचालन की पूर्वाभ्यास (मॉक ड्रिल) कराई गई। परीक्षा के सफल संचालन के लिए आयोग कार्यालय में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया, जहां आयोग के अध्यक्ष जीएस मर्तोलिया, सदस्य श्याम सुंदर सिंह रौतेला, सचिव एस.एस. डुंगरियाल, परीक्षा नियंत्रक लक्ष्मी राज चौहान तथा बॉयोमेट्रिक सेवा प्रदाता के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
कंट्रोल रूम से सभी परीक्षा केंद्रों की नवीनतम एआई तकनीक और सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लाइव निगरानी की गई। निगरानी के दौरान दो अभ्यर्थी असामान्य जैकेट पहने हुए पाए गए। सुरक्षा मानकों के तहत जैकेट उतरवाकर पुनः फ्रिस्किंग किए जाने के बाद उन्हें परीक्षा में बैठने की अनुमति दी गई।
इसके अतिरिक्त एक परीक्षा केंद्र परिसर में अनधिकृत ट्रैक्टर-ट्रॉली खड़ी पाए जाने पर उसे तत्काल हटवा दिया गया। आयोग ने बताया कि सतत निगरानी और समन्वित व्यवस्थाओं के चलते परीक्षा निर्विघ्न और सफलतापूर्वक संपन्न हुई।
आयोग ने परीक्षा संचालन में सहयोग देने वाले केंद्राध्यक्षों, पर्यवेक्षकों, जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, आयोग प्रतिनिधियों, सेवा प्रदाताओं तथा सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

0 Comments

Leave Comments