Breaking News
news-details
उत्तराखंड
भारत
लिक्खाड़

पूर्व निशानेबाज जसपाल राणा की माताजी श्यामा देवी राणा का निधन

देहरादून। वरिष्ठ जनप्रतिनिधि नारायण सिंह राणा की धर्मपत्नी एवं प्रख्यात भारतीय निशानेबाज, पद्मश्री स्वर्गीय जसपाल राणा की माताजी श्रीमती श्यामा देवी राणा का शनिवार, 28 जून को सायं 8:00 बजे दिल्ली के एक अस्पताल में लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। उनके निधन से परिवार, खेल जगत और उत्तराखंड में शोक की लहर है।

इस दुखद घटना से जुड़ा एक भावुक संयोग भी सामने आया है। 28 जून 1976 को ठीक सायं 8:00 बजे उत्तरकाशी में जसपाल राणा का जन्म हुआ था और ठीक 50 वर्ष बाद, उसी दिन और उसी समय उनकी माताजी ने अंतिम सांस ली।

गौरतलब है कि हाल ही में, 12 जून को भारत के दिग्गज निशानेबाज एवं कोच जसपाल राणा का 49 वर्ष की आयु में नई दिल्ली के मैक्स साकेत अस्पताल में निधन हो गया था। जानकारी के अनुसार, जर्मनी से लौटने के दौरान उन्हें दिल का दौरा पड़ा था, जिसके बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उनका निधन हो गया।

जसपाल राणा के निधन के बाद उनकी माताजी श्यामा देवी राणा की तबीयत भी गंभीर रूप से बिगड़ गई थी। उन्हें उपचार के लिए दिल्ली के अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उन्होंने अंतिम सांस ली।

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने श्रीमती श्यामा देवी राणा के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने दिवंगत पुण्यात्मा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए ईश्वर से प्रार्थना की कि वे उन्हें अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा शोक संतप्त परिजनों को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति दें।

मुख्यमंत्री ने अपने शोक संदेश में दिवंगत आत्मा की शांति तथा समस्त परिजनों को इस कठिन समय में संबल प्रदान करने की कामना की है।

0 Comments

Leave Comments