रुद्रपुर/गदरपुर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के ऊधम सिंह नगर दौरे के दौरान विकास, आपदा प्रबंधन और पुलिस कल्याण से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। मुख्यमंत्री ने रुद्रपुर और गदरपुर में करोड़ों रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया, शहीद ऊधम सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित की, एनडीआरएफ बटालियन का निरीक्षण किया तथा नई टिहरी में पुलिस विभाग के लिए निःशुल्क भूमि आवंटन को मंजूरी दी।
रुद्रपुर कलेक्ट्रेट परिसर में मुख्यमंत्री ने 40 लाख रुपये की लागत से स्थापित शहीद ऊधम सिंह की नौ फीट ऊंची कांस्य प्रतिमा का अनावरण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर उन्होंने 1.20 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित पार्किंग, लैंडस्केपिंग एवं ड्रेनेज परियोजना का लोकार्पण किया तथा 2.65 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली सरफेस पार्किंग परियोजना का शिलान्यास किया।
मुख्यमंत्री ने शहीद ऊधम सिंह के परिजनों से वर्चुअल संवाद भी किया और परिसर में रुद्राक्ष का पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
गदरपुर बस स्टेशन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कुल 28.30 करोड़ रुपये की लागत वाली आठ विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं में नया बस स्टेशन, विकास खंड कार्यालय, सामुदायिक भवन, सड़क निर्माण और इंटरलॉकिंग मार्गों का विकास शामिल है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार केवल योजनाओं का शिलान्यास नहीं करती, बल्कि उन्हें समयबद्ध तरीके से पूरा कर जनता को समर्पित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
गदरपुर स्थित एनडीआरएफ बटालियन पहुंचकर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों और जवानों से आपदा प्रबंधन, राहत एवं बचाव कार्यों की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड जैसे आपदा-संवेदनशील राज्य में आधुनिक तकनीक, नियमित प्रशिक्षण और विभिन्न एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय अत्यंत आवश्यक है।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने एनडीआरएफ परिसर में पौधारोपण भी किया।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर शासन ने नई टिहरी में पुलिस विभाग को आवंटित आवासीय परिसर के समीप 90 वर्गमीटर रिक्त भूमि पुलिस कल्याण के लिए निःशुल्क आवंटित करने की स्वीकृति प्रदान की है। इस भूमि का उपयोग पुलिस कर्मियों के कल्याण और आवश्यक आधारभूत सुविधाओं के विकास के लिए किया जाएगा। प्रमुख सचिव आर. मीनाक्षी सुंदरम ने संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश जारी किए हैं।
कार्यक्रमों में प्रभारी मंत्री प्रदीप बत्रा, विधायक अरविंद पांडे, शिव अरोरा और त्रिलोक सिंह चीमा सहित कई जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
0 Comments