नई दिल्ली/देहरादून। अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर दिल्ली में एक नया घटनाक्रम सामने आया है। अंकिता के माता-पिता को दिल्ली पुलिस द्वारा इंडिया गेट के पास से अपने साथ ले जाने का मामला सामने आया है। इस दौरान अंकिता की मां की तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने आरोप लगाया कि दिल्ली पुलिस अंकिता भंडारी के माता-पिता को इंडिया गेट के पास से जबरन अपने साथ ले गई। उनके मुताबिक, पुलिस करीब दो घंटे तक उन्हें अलग-अलग जगहों पर घुमाती रही।
इस दौरान पुलिस और महिलाओं के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में कुछ महिलाएं पुलिस की कार्रवाई का विरोध करती दिखाई दे रही हैं। इसी दौरान धक्का-मुक्की के बीच अंकिता की मां की तबीयत बिगड़ गई और वह बेहोश हो गईं।
बताया गया है कि तबीयत बिगड़ने के बाद अंकिता की मां को दिल्ली के बुराड़ी स्थित एक अस्पताल में भर्ती कराया गया।
गणेश गोदियाल ने बताया कि घटना के बाद उनकी अंकिता के पिता से फोन पर बातचीत हुई। उन्होंने इस पूरे घटनाक्रम पर चिंता जताते हुए कहा कि अंकिता के माता-पिता शांतिप्रिय लोग हैं और उनसे किसी को कोई खतरा नहीं है।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के प्रस्तावित देहरादून दौरे से पहले अंकिता के परिजनों के साथ हुई इस कार्रवाई पर सवाल उठाए।
उन्होंने आरोप लगाया कि अंकिता के माता-पिता को इस तरह परेशान करना और डराना-धमकाना उचित नहीं है। साथ ही उन्होंने दिल्ली पुलिस से अंकिता के माता-पिता को तत्काल रिहा करने की मांग की।
गोदियाल ने दिल्ली में रह रहे उत्तराखंड के लोगों से भी अपील की कि वे अंकिता के परिजनों से संपर्क करें और उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराएं।
गौरतलब है कि अंकिता भंडारी हत्याकांड में कथित वीआईपी की भूमिका को लेकर उनके परिजन लगातार न्याय की मांग उठा रहे हैं। इस मामले को लेकर उत्तराखंड में भी समय-समय पर विरोध प्रदर्शन होते रहे हैं।
अंकिता के परिजन मामले से जुड़े सभी सवालों का निष्पक्ष जवाब और न्याय की मांग कर रहे हैं। दिल्ली में सामने आए इस घटनाक्रम ने एक बार फिर अंकिता भंडारी प्रकरण को चर्चा में ला दिया है।
0 Comments