श्रीनगर (उत्तराखंड): मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को पौड़ी जिले के श्रीनगर पहुंचकर क्षेत्र को विकास योजनाओं की बड़ी सौगात दी। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कुल 9.13 करोड़ रुपये की लागत वाली 9 विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। कार्यक्रम में उन्होंने करीब नौ साल बाद शहर में सिटी बस सेवा का शुभारंभ भी किया।
मुख्यमंत्री के श्रीनगर पहुंचने पर महिलाओं, बुजुर्गों और युवाओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने 'सशक्त बहना, सशक्त उत्तराखंड' अभियान के तहत महिला स्वयं सहायता समूहों को प्रोत्साहन राशि वितरित की। उन्होंने महिला समूहों को 2,01,530 रुपये का चेक प्रदान किया। इसके अलावा 51 पर्यावरण मित्र महिलाओं को हेल्थ एवं हाइजीन किट भी वितरित की गईं।
श्रीनगरवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करते हुए मुख्यमंत्री ने शहर में सिटी बस सेवा का शुभारंभ किया। उन्होंने पार्षदों से भरी सिटी बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस सेवा से शहर में आवागमन की सुविधा बेहतर होने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री ने श्रीनगर में स्थापित इलेक्ट्रिक व्हीकल (EV) चार्जिंग स्टेशन का भी उद्घाटन किया। इससे इलेक्ट्रिक वाहनों के इस्तेमाल को बढ़ावा मिलेगा और पर्यावरण अनुकूल परिवहन व्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
नगर निगम श्रीनगर क्षेत्र में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन एवं निस्तारण सुविधा, स्वर्गीय रणजीत सिंह भंडारी वाटिका (रेन वाटर हार्वेस्टिंग पार्क), सड़क एवं नाली निर्माण, लक्ष्मीनारायण पार्क और विभिन्न पार्कों के सौंदर्यीकरण सहित नागरिक सुविधाओं से जुड़े कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन योजनाओं से क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा और शहर के विकास को नई गति मिलेगी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड को विकास, सुशासन और समृद्धि के रास्ते पर आगे बढ़ाने के लिए निरंतर काम कर रही है। चारधाम यात्रा में बढ़ोतरी से स्थानीय लोगों को आर्थिक लाभ मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना का काम तेजी से आगे बढ़ रहा है। इस रेल मार्ग पर श्रीनगर में भी स्टेशन प्रस्तावित है, जिससे क्षेत्र के लोगों को भविष्य में बेहतर रेल कनेक्टिविटी का लाभ मिलेगा।
श्रीनगर दौरे के दौरान मुख्यमंत्री का बच्चों के साथ आत्मीय संवाद भी चर्चा का विषय रहा। कॉलेज गेट के पास विद्यार्थियों को देखकर मुख्यमंत्री अपने वाहन से उतरे और उनके बीच पहुंचकर बातचीत की। उन्होंने बच्चों का हालचाल जाना और उनके साथ कुछ समय बिताया।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, सतपाल महाराज, विधायक भरत चौधरी, महापौर आरती भंडारी, जिला पंचायत अध्यक्ष रचना बुटोला, जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया, मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी, उपजिलाधिकारी सहित कई जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।
0 Comments