Breaking News
news-details
उत्तराखंड
भारत
लिक्खाड़

उत्तराखण्ड सतरुद्रा ट्रस्ट की वार्षिक आम सभा सम्पन्न

उत्तराखण्ड सतरुद्रा ट्रस्ट (रजि.) द्वारा कौलागढ़ रोड स्थित एक रेस्टोरेंट में आज प्रातः 11 बजे वार्षिक आम सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर ट्रस्ट के सभी ट्रस्टी, उनके परिवारजन, सहयोगी, लाभार्थी एवं समाजसेवी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं गणेश वंदना के साथ हुआ, जिसमें बच्चों ने सुंदर प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम का संचालन सुषमा असवाल ने किया और सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए ट्रस्टियों का परिचय कराया।

ट्रस्ट के सचिव गणेश चन्द्र उनियाल ने अपने संबोधन में बीते वर्ष की उपलब्धियों का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि ट्रस्ट वर्तमान में 20 जरूरतमंद एवं पितृहीन बच्चों को “शिक्षांजलि” कार्यक्रम के तहत मासिक सहायता प्रदान कर रहा है, जबकि अब तक कुल 45 बच्चे लाभान्वित हो चुके हैं।


इसके अलावा “भावांजलि” कार्यक्रम के अंतर्गत 20 निर्धन एवं निःशक्त परिवारों को प्रतिमाह ₹1500 की आर्थिक सहायता दी जा रही है।

व्यावसायिक शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए नर्सिंग कोर्स कर रही चार छात्राओं को ₹15,000 तक का सहयोग दिया गया। वहीं चिकित्सा सहायता के तहत चार मरीजों को कुल ₹40,000 की मदद प्रदान की गई।

ट्रस्ट द्वारा पर्यावरण संरक्षण, करियर काउंसिलिंग, गौ संरक्षण, टीबी मुक्त भारत अभियान, कन्यादान और कृषक कल्याण जैसे क्षेत्रों में किए गए कार्यों की भी जानकारी साझा की गई। वार्षिक आय-व्यय का लेखा-जोखा भी प्रस्तुत किया गया।

कार्यक्रम में बच्चों ने गणेश वंदना, सरस्वती वंदना एवं अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया। उपस्थित अतिथियों एवं समाजसेवियों ने ट्रस्ट के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि यह संस्था समाज के अंतिम पायदान पर खड़े लोगों के जीवन स्तर को सुधारने के लिए सराहनीय कार्य कर रही है।

अंत में ट्रस्ट के अध्यक्ष मंगला प्रसाद बंगवाल ने अपने अध्यक्षीय संबोधन में कहा कि ट्रस्ट का उद्देश्य निस्वार्थ एवं पारदर्शी भावना से समाज सेवा करना है। इस अवसर पर सहयोगियों को सम्मानित भी किया गया।

कार्यक्रम में दयानंद डोभाल, रामचरण सिंह राजपूत, देवेन्द्र शाक्य, देवकी नन्दन, ललित मोहन पैन्यूली, राजीव लखेड़ा, सिद्धार्थ बहुगुणा, चित्रा रावत, सत्य पाल रावत, कर्नल एस.एस. रावत, सरोजिनी रावत, रोशनी बिष्ट, डॉ. प्रेमलाल लखेड़ा, अखिल मोहन पांथरी, सोहन पाल सिंह, प्रेमा जोशी, विजय जुयाल, डॉ. एस.एस. रावत, तनीषा पंत, उमाकांत डबराल, गीता पाण्डे, हेमलता पन्त, डॉ. अविनीश कुमार, सौरभ बिष्ट, नवीन जदली, बृजमोहन पैन्यूली, मनोरमा पैन्यूली, अर्चना नौटियाल, बृज मोहन उनियाल, डॉ. राजीव शर्मा, अमित पैन्यूली, स्मृति पैन्यूली, प्रणिता मित्तल, अरुण बड़थ्वाल, चन्द्रकला राणा, शुभ्रा जखमोला, पूरन सिंह, बी.के. बहुगुणा, जी.एस. तिवारी, रेखा बड़थ्वाल सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का समापन वीरेंद्र गुसाईं के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।

0 Comments

Leave Comments