उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में विज्ञान, तकनीक और नवाचार का महाकुंभ शुरू हो गया है। उत्तराखंड विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (यूकॉस्ट) में गुरुवार को सातवें देहरादून इंटरनेशनल साइंस एंड टेक्नोलॉजी फेस्टिवल का भव्य शुभारंभ हुआ। विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी तथा सूचना प्रौद्योगिकी विभाग के सचिव डॉ. पंकज कुमार पांडे ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया।
फेस्टिवल का उद्देश्य युवाओं को विज्ञान और आधुनिक तकनीक से जोड़ने के साथ ही वैज्ञानिक सोच, नवाचार और स्टार्टअप संस्कृति को प्रोत्साहित करना है। इस आयोजन में वैज्ञानिक संस्थानों, विश्वविद्यालयों, विभिन्न संगठनों, स्टार्टअप्स और विद्यार्थियों को एक साझा मंच उपलब्ध कराया जा रहा है।
उद्घाटन समारोह में डॉ. पंकज कुमार पांडे ने कहा कि विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी से जुड़े ऐसे आयोजन युवाओं को प्रयोगात्मक रूप से सीखने और अपनी प्रतिभा को पहचानने का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को वैज्ञानिक दृष्टिकोण अपनाने और नवाचार के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना जरूरी है।
बायोटेक्नोलॉजी कंसोर्टियम इंडिया लिमिटेड की मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. पूर्णिमा शर्मा ने कहा कि उत्तराखंड जैव विविधता की दृष्टि से बेहद समृद्ध राज्य है। यहां जैव प्रौद्योगिकी के विकास की व्यापक संभावनाएं मौजूद हैं। उन्होंने इस क्षेत्र में केंद्र और राज्य के संस्थानों के बीच बेहतर समन्वय की आवश्यकता पर जोर दिया।
डीआईटी यूनिवर्सिटी के कुलपति जीके प्रभु ने विद्यार्थियों को आविष्कार और नवाचार के बीच अंतर समझाया। उन्होंने कहा कि आविष्कार किसी नई तकनीक या विचार के निर्माण से जुड़ा है, जबकि नवाचार उस विचार को व्यावहारिक रूप देकर समाज और बाजार तक पहुंचाने की प्रक्रिया है।
इससे पहले यूकॉस्ट के महानिदेशक डॉ. दुर्गेश पंत ने अतिथियों का स्वागत किया।
फेस्टिवल में 60 से अधिक स्टॉल लगाए गए हैं। इनमें ग्रामीण स्टार्टअप्स, यूकॉस्ट, एचटीपीआई, सिडकुल, पंतनगर विश्वविद्यालय, फिल्म विकास परिषद, नेशनल हाइड्रोग्राफर, एचडीआरएफ, भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण सहित विभिन्न संस्थानों और विश्वविद्यालयों के विद्यार्थियों ने अपने मॉडल और तकनीकी नवाचार प्रदर्शित किए।
प्रदर्शनी में विद्यार्थियों के तैयार किए गए वैज्ञानिक मॉडल और आधुनिक तकनीकी प्रयोग लोगों के आकर्षण का केंद्र बने। एफडीए की मोबाइल ऑन व्हील्स और टेलिस्कोप के माध्यम से भी दर्शकों को नई जानकारियां प्राप्त हुईं।
फेस्टिवल के पहले दिन साइंस पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता, एरो मॉडलिंग वर्कशॉप, रोबोटिक्स वर्कशॉप और साइंस एंड टेक्नोलॉजी कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई।
साइंस पोस्टर प्रतियोगिता में विभिन्न श्रेणियों के कुल 39 विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। विजेताओं को प्रथम, द्वितीय, तृतीय और सांत्वना पुरस्कारों से सम्मानित किया गया। जीआरडी विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. मनीष प्रतीक और नैनीताल बैंक के मुख्य प्रबंधक नौटियाल ने प्रतिभागियों को पुरस्कार एवं प्रमाणपत्र प्रदान किए।
इसरो-आईआईआरएस के निदेशक डॉ. आरपी सिंह ने विद्यार्थियों के साथ अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी में हो रहे नवीनतम नवाचारों पर संवाद किया। वहीं रोबोटिक्स वर्कशॉप में पूर्व शिक्षा निदेशक आरपी गुप्ता ने रोबोटिक्स के बढ़ते महत्व पर प्रकाश डाला। स्मार्टकिट्स के प्रशिक्षकों ने विद्यार्थियों को रोबोट बनाने का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया।
फेस्टिवल के दूसरे दिन विज्ञान और तकनीक से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें साइंस क्विज, STEM वर्कशॉप, बायोटेक्नोलॉजी कॉन्क्लेव, ग्रीन एनर्जी कॉन्क्लेव, मैजिक ऑफ मैथ, मॉडल रॉकेटरी वर्कशॉप और रूरल एंटरप्रेन्योरशिप एंड स्टार्टअप कॉन्क्लेव प्रमुख हैं।
देहरादून में आयोजित यह अंतरराष्ट्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी महोत्सव विद्यार्थियों को नई तकनीकों को समझने, विशेषज्ञों से संवाद करने और अपने नवाचारों को प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान कर रहा है। इससे उत्तराखंड में विज्ञान, तकनीकी शिक्षा और स्टार्टअप संस्कृति को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।
0 Comments