Breaking News
news-details
उत्तराखंड
भारत
लिक्खाड़

सेवा पखवाड़ा: ऋषिकेश में 20 हजार से अधिक लोगों की सहभागिता

देहरादून: उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से.नि.) और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को ऋषिकेश स्थित आईडीपीएल ग्राउंड में आयोजित "सेवा पखवाड़ा" कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। कार्यक्रम में 20 हजार से अधिक लोगों ने भाग लिया। विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर राज्यपाल और मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत किया तथा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को उनके सफल पांच वर्ष के कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं।

एक ही स्थान पर मिली कई विभागों की सेवाएं

सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत आयोजित बहुउद्देशीय शिविर में देहरादून, हरिद्वार और टिहरी जनपदों के विभिन्न विभागों ने संयुक्त रूप से अपनी सेवाएं प्रदान कीं। "इंटीग्रेटेड एफर्ट" (एकीकृत प्रयास) के तहत आमजन की समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया गया और पात्र लाभार्थियों को विभिन्न सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया गया।

कार्यक्रम में लगाए गए विभागीय स्टॉलों पर नागरिकों को सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई तथा मौके पर ही आवेदन और लाभ वितरण की प्रक्रिया भी पूरी की गई, जिससे लोगों को एक ही स्थान पर कई विभागों की सेवाएं प्राप्त हुईं।

स्वास्थ्य शिविर में 1009 मरीजों की जांच

विशाल स्वास्थ्य शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों ने 1009 मरीजों की जांच एवं उपचार किया। शिविर के प्रमुख आंकड़े इस प्रकार रहे—

  • 212 हड्डी रोगियों का परीक्षण
  • 70 स्त्री रोगियों की जांच
  • 81 नेत्र, नाक एवं कान संबंधी मरीजों का उपचार
  • 13 बच्चों का टीकाकरण
  • 15 आयुष्मान कार्ड बनाए गए
  • 20 आभा (ABHA) कार्ड जारी किए गए
  • 95 एक्स-रे किए गए
  • 70 रक्त जांचें संपन्न हुईं
  • आयुष विभाग द्वारा 310 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण एवं निःशुल्क दवा वितरण
  • 23 दिव्यांग प्रमाण-पत्रों का ऑनलाइन पंजीकरण

समाज कल्याण एवं अन्य विभागों ने दिया लाभ

समाज कल्याण विभाग ने विधवा, वृद्धावस्था एवं दिव्यांग श्रेणी के 75 लाभार्थियों की पेंशन मौके पर स्वीकृत की। साथ ही 10 यूडीआईडी (UDID) कार्ड जारी किए गए तथा 280 दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण वितरित किए गए।

इसके अलावा कृषि, उद्यान, उद्योग, डेयरी, मत्स्य, रेशम, पशुपालन और लीड बैंक सहित विभिन्न विभागों ने 1200 से अधिक लाभार्थियों को अपनी योजनाओं का लाभ प्रदान किया।

उत्कृष्ट कार्य करने वालों को किया सम्मानित

कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने प्रदेश के उत्कृष्ट लघु उद्योगों, स्वयं सहायता समूहों तथा विभिन्न विभागों की योजनाओं के लाभार्थियों को सम्मानित किया।

सहकारिता विभाग के अंतर्गत पंजीकृत पांच स्वयं सहायता समूहों को उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रत्येक समूह को ₹5 लाख की पुरस्कार राशि प्रदान की गई।

जापान में रोजगार पाने वाले युवाओं का सम्मान

कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग के माध्यम से प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद अल्मोड़ा, देहरादून और टिहरी जनपद के तीन युवाओं का जापान में रोजगार के लिए चयन हुआ। मुख्यमंत्री ने इन युवाओं को सम्मानित करते हुए बताया कि उन्हें लगभग ₹1 लाख प्रतिमाह के पैकेज पर रोजगार प्राप्त हुआ है, जो प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणादायक उपलब्धि है।

अन्य विभागों के लाभार्थी भी सम्मानित

कार्यक्रम में मत्स्य विभाग के एक, उद्यान विभाग के एक, उद्योग विभाग के तीन तथा डेयरी विभाग के एक लाभार्थी को अपने-अपने क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य और उल्लेखनीय उपलब्धियों के लिए राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री द्वारा सम्मानित किया गया।

सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम का उद्देश्य विभिन्न सरकारी योजनाओं और सेवाओं को एक ही मंच पर आम जनता तक पहुंचाना तथा पात्र लाभार्थियों को त्वरित लाभ उपलब्ध कराना रहा।

0 Comments

Leave Comments