देहरादून। अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर मुख्य दोषी पुलकित आर्य के पिता विनोद आर्य की प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद उत्तराखंड की सियासत गरमा गई है। कांग्रेस ने विनोद आर्य के बयानों पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा सरकार और प्रदेश की कानून व्यवस्था को कटघरे में खड़ा किया है।
उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस की मुख्य प्रवक्ता गरिमा मेहरा दसौनी ने कहा कि कथित व्हाट्सऐप चैट और अन्य दावों के आधार पर अंकिता भंडारी, उसके माता-पिता और मित्र को निशाना बनाना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर अंकिता को कितनी बार कठघरे में खड़ा किया जाएगा? क्या एक बेटी को न्याय पाने के लिए मरने के बाद भी अपने चरित्र का प्रमाण देना पड़ेगा?
गरिमा मेहरा दसौनी ने कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड में पुलकित आर्य और उसके दो सहयोगियों को सक्षम न्यायालय दोषी ठहराकर आजीवन कारावास की सजा सुना चुका है।
उन्होंने कहा कि यदि किसी के पास मामले से जुड़े नए और प्रासंगिक साक्ष्य हैं तो उन्हें न्यायिक मंच पर प्रस्तुत किया जाना चाहिए। सार्वजनिक मंचों से एक मृत बेटी की गरिमा को ठेस पहुंचाना उचित नहीं है।
दसौनी ने कहा कि अंकिता के माता-पिता पहले ही अपनी बेटी को खोने का असहनीय दर्द झेल रहे हैं। ऐसे में उन्हें दोबारा सार्वजनिक आरोपों और अपमान का सामना करना पड़ रहा है।
कांग्रेस प्रवक्ता ने अंकिता भंडारी हत्याकांड में कथित VIP एंगल को लेकर भी सरकार से पारदर्शिता बरतने की मांग की। उन्होंने कहा कि पीड़िता के चरित्र पर सवाल उठाकर मामले के मूल मुद्दों से ध्यान नहीं भटकाया जा सकता।
उन्होंने सरकार से सवाल किया कि इस प्रकरण में VIP से जुड़े सवालों का स्पष्ट जवाब अब तक क्यों नहीं दिया गया है?
गरिमा मेहरा दसौनी ने प्रदेश में महिलाओं और बच्चियों के खिलाफ सामने आ रहे अपराधों को लेकर भी धामी सरकार पर निशाना साधा।
उन्होंने देहरादून में छह वर्षीय दुष्कर्म पीड़िता की मेडिकल जांच के लिए अस्पतालों के चक्कर लगवाने और हल्द्वानी के मुखानी क्षेत्र में 16 वर्षीय किशोरी के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म की घटना का उल्लेख किया।
उन्होंने कहा कि महिला सुरक्षा के बड़े-बड़े दावे करने वाली सरकार पीड़िताओं को सम्मानजनक चिकित्सा सुविधा तक उपलब्ध नहीं करा पा रही है।
कांग्रेस प्रवक्ता ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से देहरादून मामले में लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने, हल्द्वानी प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने और अंकिता भंडारी हत्याकांड में VIP एंगल से जुड़े सवालों पर पारदर्शिता के साथ जवाब देने की मांग की।
उन्होंने कहा कि देवभूमि की बेटियों को सुरक्षा और न्याय चाहिए, खोखले आश्वासन नहीं।
अंकिता भंडारी हत्याकांड एक बार फिर प्रदेश की राजनीति के केंद्र में है। विनोद आर्य की प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद कांग्रेस की तीखी प्रतिक्रिया ने इस मामले को लेकर राजनीतिक बहस को और तेज कर दिया है।
0 Comments