Kitchen Recipe: रोज-रोज पोहा, उपमा या पराठा खाकर अगर आप भी बोर हो चुके हैं, तो नाश्ते में कुछ नया और स्वादिष्ट ट्राई कर सकते हैं। मूंग दाल, चना दाल और बेसन से तैयार होने वाला चीला स्वादिष्ट होने के साथ बनाने में भी आसान है। इसमें टमाटर, प्याज, शिमला मिर्च और लहसुन जैसी सब्जियां मिलाने से इसका स्वाद और टेक्सचर और बेहतर हो जाता है।
सुबह की व्यस्तता में भी इसे आसानी से तैयार किया जा सकता है। आइए जानते हैं मूंग-चना और बेसन का चीला बनाने की आसान विधि।
सबसे पहले मूंग और चना दाल को अच्छी तरह धोकर कुछ समय के लिए पानी में भिगो दें। इसके बाद दाल का पानी निकालकर इसे मिक्सर में डालें और थोड़े पानी की मदद से बारीक पीस लें।
अब दाल के पेस्ट को एक बड़े बर्तन में निकालें और इसमें बेसन मिलाएं। जरूरत के अनुसार पानी डालते हुए ऐसा घोल तैयार करें, जो न ज्यादा पतला हो और न ही बहुत गाढ़ा।
इसके बाद घोल में बारीक कटा हुआ प्याज, टमाटर, शिमला मिर्च, लहसुन और हरी मिर्च डालें। इसमें हल्दी, जीरा पाउडर, लाल मिर्च, धनिया पाउडर और स्वादानुसार नमक मिलाएं। आखिर में हरा धनिया डालकर सभी सामग्री को अच्छी तरह मिक्स कर लें।
अब तवा गर्म करें और उस पर थोड़ा तेल लगाएं। तवा गर्म होने के बाद एक कलछी बैटर डालकर चम्मच की मदद से उसे गोल आकार में पतला फैलाएं।
जब चीले के किनारे सुनहरे होने लगें तो उसके चारों ओर थोड़ा तेल डालकर चीले को पलट दें। दूसरी तरफ से भी अच्छी तरह सेंकें। दोनों तरफ से सुनहरा और कुरकुरा होने पर चीले को प्लेट में निकाल लें।
इसी तरह बचे हुए बैटर से बाकी चीले भी तैयार कर लें।
0 Comments