Breaking News
news-details
उत्तराखंड
भारत
लिक्खाड़

भारत का भविष्य युवाओं के सुरक्षित हाथों में : मुख्यमंत्री धामी

हरिद्वार। गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय में आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने युवाओं को विकसित भारत की सबसे बड़ी शक्ति बताते हुए कहा कि उनके चेहरों पर दिखाई देने वाला आत्मविश्वास इस बात का प्रमाण है कि देश का भविष्य सुरक्षित हाथों में है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय केवल एक शिक्षण संस्थान नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, राष्ट्रवाद और संस्कारों का जीवंत केंद्र है। यहां विद्यार्थियों को पुस्तकीय ज्ञान के साथ-साथ चरित्र निर्माण, राष्ट्रसेवा और भारतीय मूल्यों की शिक्षा भी दी जाती है।

युवा बन रहे हैं 'जॉब क्रिएटर'

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि भारत आज दुनिया का सबसे युवा देश है, जहां 65 प्रतिशत से अधिक आबादी 42 वर्ष से कम आयु की है। उन्होंने कहा कि आज का युवा नौकरी तलाशने वाला नहीं, बल्कि स्टार्टअप और नवाचार के माध्यम से रोजगार उपलब्ध कराने वाला "जॉब क्रिएटर" बन रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में स्टार्टअप इंडिया, स्टैंडअप इंडिया, मेक इन इंडिया, स्किल इंडिया, खेलो इंडिया और फिट इंडिया जैसी योजनाओं ने युवाओं के लिए नए अवसरों के द्वार खोले हैं।

उत्तराखंड सरकार की रोजगार योजनाओं पर जोर

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ने के लिए मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, मुख्यमंत्री युवा प्रोत्साहन योजना, दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण विकास योजना, कौशल विकास योजना, एक जनपद-दो उत्पाद (ODOP) योजना, हाउस ऑफ हिमालय ब्रांड, स्टेट मिलेट मिशन, एप्पल मिशन, सौर स्वरोजगार योजना, नई पर्यटन नीति और नई फिल्म नीति जैसी योजनाओं का प्रभावी संचालन कर रही है।

उन्होंने दावा किया कि उत्तराखंड में 44 प्रतिशत रिवर्स पलायन दर्ज किया गया है तथा बेरोजगारी दर में 4.4 प्रतिशत की ऐतिहासिक कमी आई है। साथ ही नीति आयोग के सतत विकास लक्ष्यों (SDG) के इंडेक्स में उत्तराखंड देश में प्रथम स्थान पर है।

नकल विरोधी कानून और पारदर्शी भर्ती का उल्लेख

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि युवाओं के भविष्य को सुरक्षित रखने के लिए राज्य में देश का सबसे कठोर नकल विरोधी कानून लागू किया गया है। उनके अनुसार पिछले साढ़े चार वर्षों में 100 से अधिक नकल माफियाओं को जेल भेजा गया है। उन्होंने यह भी कहा कि बिना किसी भेदभाव के 34 हजार से अधिक युवाओं को पारदर्शी तरीके से सरकारी नौकरियां दी गई हैं, जो पूर्ववर्ती सरकारों की तुलना में दोगुनी से अधिक हैं।

इनकी रही मौजूदगी

कार्यक्रम के आयोजक एवं युवा मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष विक्रम भुल्लर ने मुख्यमंत्री का अंगवस्त्र और स्मृति चिह्न भेंट कर स्वागत किया।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक, रानीपुर विधायक आदेश चौहान, गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. प्रतिभा लूथरा, भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद, शिवालिक नगर पालिका अध्यक्ष राजीव शर्मा, राज्य मंत्री डॉ. जयपाल सिंह चौहान, शोभाराम प्रजापति, श्यामवीर सैनी, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर, नगर आयुक्त नंदन कुमार, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र, अपर जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार, एसपी ट्रैफिक निशा यादव, एसपी ट्रैफिक अभय प्रताप सिंह सहित जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।

0 Comments

Leave Comments