पिथौरागढ़। उत्तराखंड के सीमांत जनपद पिथौरागढ़ में आयोजित ऐतिहासिक जौलजीबी मेले के उद्घाटन समारोह में उस समय राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया, जब धारचूला से कांग्रेस विधायक हरीश सिंह धामी मंच पर संबोधन का अवसर नहीं मिलने से नाराज हो गए। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कार्यक्रम स्थल से जाने के बाद विधायक ने मंच पर जमकर विरोध जताया। इस दौरान माइक फेंकने, पोडियम गिराने और समर्थकों की ओर से कुर्सियां फेंके जाने की घटनाएं सामने आईं।
घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद प्रदेश की राजनीति में हलचल तेज हो गई है।
जानकारी के मुताबिक, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जौलजीबी मेले का उद्घाटन किया। कार्यक्रम में धारचूला विधायक हरीश धामी भी मौजूद थे। विधायक का आरोप है कि मेला समिति का अध्यक्ष होने और क्षेत्र का निर्वाचित जनप्रतिनिधि होने के बावजूद उन्हें मंच से अपनी बात रखने का अवसर नहीं दिया गया।
हरीश धामी का कहना है कि मुख्यमंत्री के जाने के बाद जब उन्होंने माइक लेकर संबोधन शुरू किया तो साउंड सिस्टम बंद कर दिया गया। इससे नाराज होकर उन्होंने मंच पर विरोध जताया। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और मंच पर हंगामे की स्थिति पैदा हो गई।
घटना के बाद कांग्रेस विधायक हरीश धामी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने मुख्यमंत्री को सीधे धारचूला विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने की चुनौती दी।
विधायक ने कहा कि यदि मुख्यमंत्री में दम है तो वह धारचूला से चुनाव लड़कर दिखाएं। उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी अनुमति दे तो वह मुख्यमंत्री की विधानसभा सीट से भी चुनाव लड़ने के लिए तैयार हैं।
हरीश धामी ने अपने विरोध के पीछे क्षेत्र की जनसमस्याओं को प्रमुख वजह बताया। उन्होंने हाल ही में आठ साल के एक बच्चे की मौत का मामला उठाते हुए कहा कि इस घटना के कारणों पर चर्चा होनी चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
उन्होंने क्षेत्र में सड़क निर्माण और विकास कार्यों को लेकर किए गए वादे पूरे नहीं होने का आरोप भी लगाया। विधायक का कहना था कि वह मुख्यमंत्री के सामने क्षेत्र की समस्याएं और जनता की मांगें रखना चाहते थे।
इस घटनाक्रम के बाद कांग्रेस ने भी स्थानीय जनप्रतिनिधियों को कार्यक्रम में उचित अवसर नहीं दिए जाने का मुद्दा उठाया। पार्टी नेताओं ने इसे लोकतांत्रिक परंपराओं और निर्वाचित प्रतिनिधियों के सम्मान से जोड़कर देखा।
वहीं, भाजपा नेताओं ने विधायक के व्यवहार की आलोचना की और सार्वजनिक कार्यक्रम में इस तरह के हंगामे को अनुचित बताया।
जौलजीबी मेले में हुए इस घटनाक्रम के वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। माइक फेंकने और मंच पर हुए हंगामे को लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी शुरू हो गई है।
गौरतलब है कि करीब तीन साल पहले आदि कैलाश यात्रा के संदर्भ में विधायक हरीश धामी मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की सार्वजनिक रूप से तारीफ कर चुके हैं और उन्हें धारचूला से चुनाव लड़ने का न्योता भी दे चुके हैं।
अब जौलजीबी मेले में दोनों नेताओं के बीच सामने आया यह राजनीतिक टकराव उत्तराखंड की सियासत में चर्चा का विषय बन गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की ओर से विधायक के ताजा आरोपों और चुनावी चुनौती पर प्रतिक्रिया सामने आना बाकी है।
0 Comments