Breaking News
news-details
उत्तराखंड
भारत
लिक्खाड़

उत्तराखंड में जनगणना-2027 के दूसरे चरण की शुरुआत

देहरादून। उत्तराखंड में जनगणना-2027 के द्वितीय चरण की शुरुआत हो गई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार, 16 नवंबर को मुख्यमंत्री आवास में सपरिवार डिजिटल माध्यम से स्व-गणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) कर इस राष्ट्रीय अभियान में अपनी भागीदारी दर्ज कराई। इस दौरान उन्होंने अपने परिवार से संबंधित आवश्यक जानकारियां ऑनलाइन पोर्टल पर दर्ज कीं और प्रदेशवासियों से भी जनगणना में सक्रिय भागीदारी की अपील की।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि जनगणना से प्राप्त आंकड़े उत्तराखंड के भविष्य की विकास योजनाओं और नीतियों के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड जैसे भौगोलिक विविधताओं वाले पर्वतीय राज्य में जनसंख्या के सटीक आंकड़े बेहद महत्वपूर्ण हैं।

पर्वतीय क्षेत्रों के विकास में मददगार होंगे जनगणना के आंकड़े

मुख्यमंत्री ने कहा कि जनगणना के माध्यम से पर्वतीय एवं दूरस्थ क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल और अन्य बुनियादी सुविधाओं की आवश्यकताओं का बेहतर आकलन किया जा सकेगा। इससे क्षेत्रवार विकास की प्राथमिकताएं तय करने और सरकारी संसाधनों का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।

उन्होंने कहा कि जनगणना-2027 में डिजिटल तकनीक का उपयोग एक महत्वपूर्ण पहल है। ऑनलाइन स्व-गणना की सुविधा से नागरिक अपने परिवार का विवरण स्वयं दर्ज कर सकते हैं। इससे जनगणना प्रक्रिया में पारदर्शिता और लोगों की सीधी भागीदारी को बढ़ावा मिलेगा।

30 नवंबर तक घर बैठे कर सकेंगे स्व-गणना

जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के अंतर्गत उत्तराखंड के गैर-हिमाच्छादित क्षेत्रों में 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक ऑनलाइन स्व-गणना की सुविधा उपलब्ध रहेगी।

इसके लिए नागरिक आधिकारिक पोर्टल https://se.census.gov.in/ पर जाकर अपने परिवार का विवरण दर्ज कर सकते हैं। ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी होने के बाद मिलने वाली स्व-गणना आईडी (SE ID) को बाद में घर आने वाले जनगणना कर्मी को उपलब्ध कराना होगा।

इसके बाद 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक जनगणना कर्मी घर-घर जाकर जनसंख्या गणना का कार्य करेंगे।

युवाओं से परिवार के बुजुर्गों की मदद करने की अपील

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से निर्धारित समयसीमा के भीतर स्व-गणना प्रक्रिया पूरी करने और जनगणना कर्मियों को आवश्यक सहयोग देने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रत्येक परिवार की सहभागिता से जनगणना के आंकड़ों की विश्वसनीयता सुनिश्चित होगी।

इस अवसर पर सचिव जनगणना दीपक कुमार, निदेशक जनगणना कार्य निदेशालय उत्तराखंड इवा आशीष श्रीवास्तव, संयुक्त निदेशक शैलेन्द्र सिंह नेगी, उप निदेशक प्रवीण कुमार, राजू कुमार बनवारी एवं सहायक निदेशक संजीव कुमार उपस्थित रहे।

जनगणना-2027 केवल जनसंख्या की गणना नहीं, बल्कि उत्तराखंड के भविष्य की विकास योजनाओं को मजबूत आधार देने वाला महत्वपूर्ण राष्ट्रीय अभियान है।

0 Comments

Leave Comments