Breaking News
news-details
उत्तराखंड
भारत
लिक्खाड़

काशीपुर में मुख्यमंत्री धामी का युवा संवाद, 1400 से अधिक विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा

काशीपुर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को काशीपुर स्थित एक निजी होटल में आयोजित युवा विद्यार्थी संवाद कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। कार्यक्रम में 17 विद्यालयों के 1,400 से अधिक विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। मुख्यमंत्री ने छात्र-छात्राओं से सीधे संवाद कर उनके विचार और सुझाव सुने तथा विकसित भारत और विकसित उत्तराखंड के निर्माण में युवाओं की भूमिका पर चर्चा की।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2047 तक विकसित भारत बनाने का संकल्प देश के सामने रखा है। इस लक्ष्य को हासिल करने में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होगी। उन्होंने कहा कि युवाओं के पास नया विजन, आउट-ऑफ-द-बॉक्स सोच और कुछ कर गुजरने का जुनून है।

‘मेरे सपनों का उत्तराखंड’ के सुझावों का किया उल्लेख

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार की ओर से युवाओं से ‘मेरे सपनों का उत्तराखंड’ को लेकर सुझाव मांगे गए थे। विद्यार्थियों ने राज्य के विभिन्न विषयों को लेकर उपयोगी सुझाव दिए। उन्होंने कहा कि युवाओं के विचारों से उनका विश्वास और मजबूत हुआ है कि उत्तराखंड का भविष्य सक्षम और जागरूक युवाओं के हाथों में है।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड भले ही छोटा राज्य हो, लेकिन यहां के युवाओं के सपने बड़े हैं। आज की पीढ़ी न केवल सपने देखती है बल्कि उन्हें पूरा करने का साहस भी रखती है।

शिक्षा और तकनीकी शिक्षा पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि उत्तराखंड का कोई भी प्रतिभाशाली बेटा या बेटी अवसरों के अभाव में पीछे न छूटे। राज्य में वर्चुअल क्लासरूम नेटवर्क का विस्तार किया जा रहा है। प्रदेश में 189 अटल उत्कृष्ट विद्यालय संचालित किए जा रहे हैं और सरकारी विद्यालयों में NCERT आधारित पाठ्यक्रम लागू किया गया है।

उन्होंने छात्राओं के लिए नंदा गौरा योजना के तहत आर्थिक सहायता का भी उल्लेख किया। इसके अलावा देहरादून में देश की पांचवीं साइंस सिटी विकसित किए जाने, STEM लैब्स, विज्ञान एवं नवाचार गतिविधियों और बाल विज्ञान कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच और रचनात्मकता को बढ़ावा देने की बात कही।

युवाओं को जॉब क्रिएटर बनने का आह्वान

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार चाहती है कि युवा केवल नौकरी तलाशने वाले न बनें, बल्कि जॉब क्रिएटर बनने का सपना भी देखें। इसके लिए प्रदेश में स्टार्टअप और नवाचार को बढ़ावा दिया जा रहा है तथा युवाओं को आधुनिक और डिमांड-बेस्ड स्किल्स से जोड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि युवाओं को बेहतर अवसरों के लिए अपना घर और पहाड़ छोड़ने की मजबूरी न हो, इसके लिए राज्य में औद्योगिक और रोजगार के नए अवसर विकसित किए जा रहे हैं। खेलों के क्षेत्र में भी विश्वस्तरीय खेल नीतियों और स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स विकसित किए जा रहे हैं।

विद्यार्थियों ने पूछे AI, अग्निवीर और भ्रष्टाचार से जुड़े सवाल

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने मुख्यमंत्री से विभिन्न मुद्दों पर सवाल पूछे। छात्र-छात्राओं शौर्य, दक्ष, चंद्रा, प्रभजोत, खुशी, सिमरन, कात्यायनी, आरती, वैष्णवी और आद्रिका ने युवा आयोग, उत्तराखंड के विकास, अग्निवीर योजना, साइबर क्राइम और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस समेत विभिन्न विषयों पर सवाल किए।

छात्र शौर्य के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि युवा आयोग युवाओं की पढ़ाई पूरी होने के बाद रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने और उन्हें सरकारी सेवाओं से जोड़ने की दिशा में काम करेगा।

छात्र दक्ष के ‘सपनों का उत्तराखंड’ से जुड़े सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ऐसा उत्तराखंड बनाना चाहती है, जहां युवाओं को शिक्षा, रोजगार और कौशल विकास के लिए पलायन न करना पड़े। उन्होंने स्वास्थ्य, शिक्षा और कनेक्टिविटी जैसी सुविधाओं के विस्तार के साथ किसानों को स्थानीय स्तर पर बाजार उपलब्ध कराने की बात भी कही।

अग्निवीरों के भविष्य से जुड़े सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार उनके भविष्य को लेकर सजग है और इसके लिए अग्निवीर सेल का गठन किया जा रहा है।

वहीं, AI और तकनीक से जुड़े सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस चुनौती के साथ-साथ एक बड़ा अवसर भी है। युवाओं को बदलती तकनीक के अनुरूप खुद को तैयार करना होगा।

भ्रष्टाचार पर ‘जीरो टॉलरेंस’ की बात

छात्रा प्रभजोत द्वारा भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने से जुड़े सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है।

उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति काम के बदले रिश्वत मांगता है या अनुचित दबाव बनाता है तो नागरिक टोल-फ्री नंबर 1064 या संबंधित मोबाइल ऐप के माध्यम से शिकायत दर्ज करा सकते हैं। मुख्यमंत्री के अनुसार शिकायतकर्ता की पहचान गोपनीय रखी जाती है और शिकायतों की जांच के लिए विशेष टीमें काम करती हैं।

युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील

मुख्यमंत्री ने पूर्व राष्ट्रपति एवं महान वैज्ञानिक डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम के जीवन को युवाओं के लिए प्रेरणादायक बताया। उन्होंने कहा कि कठिन परिस्थितियों के बावजूद सीखने की इच्छा व्यक्ति को लक्ष्य तक पहुंचा सकती है।

मुख्यमंत्री ने युवाओं को नशे से दूर रहने का संकल्प लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि युवाओं को स्वयं नशे से दूर रहने के साथ अपने दोस्तों और साथियों को भी इससे बचाने के लिए प्रेरित करना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की विकास यात्रा के युवा असली कर्णधार हैं। युवाओं की सोच, मेहनत और प्रतिभा राज्य को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जा सकती है। सरकार युवाओं को नए अवसर और संसाधन उपलब्ध कराने के लिए प्रयास जारी रखेगी।

कार्यक्रम में विधायक त्रिलोक सिंह चीमा, मेयर दीपक बाली, दायित्वधारी उत्तम दत्ता, फरजाना बेगम, मनजीत सिंह राजू, सुरेंद्र सिंह नामधारी, मुकेश कुमार, जिलाध्यक्ष मनोजपाल, खिलेंद्र चौधरी, मोहनपाल, गुरविंदर सिंह चंडोक, एसएसपी अजय गणपति समेत अन्य अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

0 Comments

Leave Comments