Breaking News
news-details
उत्तराखंड
भारत
लिक्खाड़

आयुष और ईएसआई के 332 नव नियुक्त कार्मिकों को मिले नियुक्ति पत्र

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित कार्यक्रम में आयुष विभाग और कर्मचारी राज्य बीमा योजना (ईएसआई) के तहत नियुक्त किए गए 332 कार्मिकों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। इनमें आयुष विभाग के 271 कार्मिक और ईएसआई योजना के 61 एलोपैथिक फार्मेसी अधिकारी शामिल हैं।

नव नियुक्त कार्मिकों को बधाई देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकारी सेवा केवल नौकरी तक सीमित नहीं है, बल्कि यह जनसेवा का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने सभी कर्मचारियों से संवेदनशीलता, ईमानदारी और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े कर्मचारियों की जिम्मेदारी बेहद महत्वपूर्ण है। दूर-दराज के क्षेत्रों से इलाज के लिए सरकारी अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों में आने वाले लोगों को बेहतर सेवा और संवेदनशील व्यवहार की उम्मीद रहती है। ऐसे में कार्मिकों की तत्परता और कार्यकुशलता आम लोगों का सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था पर भरोसा मजबूत करती है।

पारदर्शी भर्ती व्यवस्था पर जोर

सीएम धामी ने कहा कि राज्य सरकार ने भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने के लिए कई प्रभावी कदम उठाए हैं। नकल विरोधी कानून और नकल माफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई के चलते युवाओं को उनकी योग्यता और मेहनत के आधार पर सरकारी सेवाओं में अवसर मिल रहे हैं।

उन्होंने बताया कि पिछले पांच वर्षों में उत्तराखंड में 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी मिली है।

उत्तराखंड को आयुष और वेलनेस का केंद्र बनाने की तैयारी

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की योग, आयुर्वेद और औषधीय जड़ी-बूटियों की समृद्ध परंपरा को देखते हुए प्रदेश को मॉडल आयुष प्रदेश और ग्लोबल वेलनेस हब के रूप में विकसित करने की दिशा में काम किया जा रहा है।

प्रदेश के सभी जनपदों में आयुष सेवाओं के विस्तार के साथ पंचकर्म सेवाओं को आधुनिक बनाने और आयुर्वेद उत्कर्ष केंद्र स्थापित करने पर भी काम चल रहा है। ई-संजीवनी के माध्यम से लोगों को विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि राज्य के कई होमस्टे को नजदीकी आयुर्वेद चिकित्सालयों की वेलनेस सेवाओं से जोड़ा गया है, ताकि उत्तराखंड आने वाले पर्यटकों और स्थानीय लोगों को योग, आयुर्वेद और पंचकर्म जैसी सेवाओं का लाभ मिल सके।

सभी 13 जिलों तक पहुंची ईएसआई योजना

मुख्यमंत्री ने कहा कि कर्मचारी राज्य बीमा योजना की स्वास्थ्य सेवाओं का भी विस्तार किया गया है। पहले यह योजना प्रदेश के छह जिलों तक सीमित थी, जिसे अब सभी 13 जिलों तक पहुंचाया गया है।

रुद्रपुर में 100 बेड के ईएसआई अस्पताल का संचालन शुरू हो चुका है, जबकि हरिद्वार में 300 बेड के ईएसआई अस्पताल का निर्माण जारी है। काशीपुर में भी ईएसआई अस्पताल के लिए भूमि चिन्हित की गई है। स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत करने के लिए 47 नए चिकित्सा अधिकारियों की भर्ती प्रक्रिया भी अंतिम चरण में है।

जनसेवा को प्राथमिकता देने की अपील

आयुष एवं आयुष शिक्षा मंत्री मदन कौशिक ने भी नव नियुक्त कार्मिकों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि नए कर्मचारियों के जुड़ने से आयुष विभाग की कार्यक्षमता बढ़ेगी और प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती मिलेगी।

कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, विधायक उमेश शर्मा काऊ, सविता कपूर सहित शासन और संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

0 Comments

Leave Comments